लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान पेलेट गन, लाठीचार्ज और आंसू गैस के इस्तेमाल को लेकर केंद्र सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने दावा किया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ बल प्रयोग किया गया।
राहुल गांधी ने 19 वर्षीय छात्र साहिल लोचाब से मुलाकात का उल्लेख करते हुए कहा कि पेलेट लगने से उसकी एक आंख की रोशनी जाने का खतरा है। उन्होंने कहा कि साहिल का “अपराध” केवल इतना था कि वह पेपर लीक पर रोक लगाने और छात्रों के लिए निष्पक्ष भविष्य की मांग कर रहा था।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने दो सवाल पूछे:
- क्या छात्रों के खिलाफ पेलेट गन सहित घातक बल के इस्तेमाल की मंजूरी आपने दी थी? यदि नहीं, तो इसकी अनुमति किसने दी?
- छात्रों पर लाठियां बरसाने वाले सादे कपड़ों में मौजूद लोग पुलिसकर्मी थे या स्वयंसेवक? उनकी तैनाती किसके आदेश पर की गई?
अपने बयान के अंत में राहुल गांधी ने कहा, “देश जवाब मांग रहा है।”
![]()

