बांधवगढ़ के मोगली रिसॉर्ट में तीन दिवसीय 33वां राष्ट्रीय अधिवेशन, नई कार्यकारिणी का गठन

 इंडियन नेशनल माइनवर्कर्स फेडरेशन (INMF-INTUC) के 33वें राष्ट्रीय अधिवेशन में कुमार जयमंगल सिंह उर्फ अनूप सिंह को लगातार तीसरी बार फेडरेशन का राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित किया गया है। वहीं, एस.क्यू. जमा को पुनः महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मध्यप्रदेश के उमरिया जिले स्थित बांधवगढ़ के मोगली रिसॉर्ट में आयोजित तीन दिवसीय अधिवेशन में देशभर से पहुंचे श्रमिक नेताओं और प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

अध्यक्ष के निर्वाचन के बाद जनरल काउंसिल ने एक प्रस्ताव पारित कर नवनिर्वाचित अध्यक्ष को अन्य पदाधिकारियों के मनोनयन का अधिकार प्रदान किया। अध्यक्ष अनूप सिंह ने इस अधिकार का उपयोग करते हुए पदाधिकारियों के नामों की घोषणा सीधे करने के बजाय पहले प्रस्तावित नाम सदस्यों के सामने रखे और उनका विश्वास एवं सहमति प्राप्त की। इसके बाद नई कार्यकारिणी के पदाधिकारियों की घोषणा की गई।

नई कार्यकारिणी में एम सी एल ओड़िसा के सौभाग्य प्रधान और हिंदुस्तान जिंक राजस्थान के के.एस. शेखावत को महासचिव बनाया गया है, जबकि संतोष महतो को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उपाध्यक्षों में ए.के. झा, कुमार महेश सिंह, ब्रजेंद्र सिंह, ओ.पी. मालवीय और गोपाल नारायण सिंह सहित अन्य श्रमिक नेताओं को शामिल किया गया है।

जय मंगल सिंह ने कहा कि इस विश्वास और सम्मान के लिए सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों, देशभर के सम्मानित प्रतिनिधियों व श्रमिक साथियों का हृदय से आभार। वे अपने पिता राजेंद्र प्रसाद सिंह के निधन के बाद फेडरेशन के अध्यक्ष बने थे। इसके बाद पुरी अधिवेशन में भी जयमंगल सिंह को अध्यक्ष चुना गया। अब तीसरी बार फेडरेशन के अध्यक्ष निर्वाचित होना अनूप सिंह के नेतृत्व के प्रति फेडरेशन के प्रतिनिधियों के भरोसे को दर्शाता है।

चुनाव के पूर्व अधिवेशन में कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार विमर्श कर प्रस्ताव पारित किए गए । जिसमें मे संगठन विस्तार, लीगल सेल का गठन,  महिला प्रकोष्ठ का विस्तार और इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ जी संजीवा रेड्डी को पुनः अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव प्रमुख रूप से स्वीकार किया गया । 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!