Screenshot
इंद्रेश अस्पताल के पास प्लॉट की खरीद-फरोख्त के लिए ले जाए जा रहे 14 लाख रुपये की लूट का मामला; सोशल मीडिया पर कोटद्वार के दीपक को धमकी देने के आरोपों में भी रहा है चर्चा में

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में 14 लाख रुपये की सनसनीखेज लूट के मामले में कथित मास्टरमाइंड सिद्धांत बडोनी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, सिद्धांत बडोनी का नाम बजरंग दल से जुड़े व्यक्ति के रूप में सामने आता रहा है। इससे पहले भी वह सोशल मीडिया पर कोटद्वार निवासी दीपक को कथित रूप से धमकी देने के मामले को लेकर चर्चा में रहा है।

मामला देहरादून के पटेलनगर थाना क्षेत्र का है। गत 7 नवंबर को इंद्रेश अस्पताल के पास बदमाशों ने राजेश कुमार सोनी और उनके साथियों की गाड़ी को कथित तौर पर रोक लिया था। बताया गया है कि वाहन में प्लॉट की खरीद-फरोख्त के सिलसिले में 14 लाख रुपये ले जाए जा रहे थे। आरोप है कि बदमाशों ने वाहन सवार लोगों के साथ मारपीट की और नकदी लेकर फरार हो गए।

घटना के बाद देहरादून पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए पहले 24 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। इसके बाद जांच और दबिश के दौरान अन्य आरोपियों को भी पकड़ा गया। 10 नवंबर को पुलिस ने रुद्रप्रयाग जिले के गुप्तकाशी से सिद्धांत बडोनी (24) और दीपक सिंह शेखावत (25) को गिरफ्तार किया। दोनों के कब्जे से कथित तौर पर लूट की रकम में से क्रमशः 40 हजार और 42 हजार रुपये बरामद किए गए।

इस मामले में गिरफ्तार सात आरोपियों की पहचान सिद्धांत बडोनी, दीपक सिंह शेखावत, सर्वजीत सिंह उर्फ हैप्पी (27), जस्मीत सिंह (18), शक्ति सिंह (47), करण यादव और सोहेल अख्तर उर्फ साहिल उर्फ सल्लू के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, अब तक आरोपियों से कुल 3.02 लाख रुपये बरामद किए जा चुके हैं। लूटी गई 14 लाख रुपये की रकम में से शेष राशि की बरामदगी और वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।

सिद्धांत बडोनी का नाम इस मामले में कथित मास्टरमाइंड के तौर पर सामने आने के बाद उसकी राजनीतिक और संगठनात्मक संबद्धता  बजरंग दल से उसके आधिकारिक संबंधों और सोशल मीडिया पर दीपक को धमकी देने के मामले चर्चा में है । फिलहाल, लूट के मामले में उसकी भूमिका पुलिस जांच और न्यायिक प्रक्रिया के अधीन है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!