आईजी अजय यादव ने की पुष्टि; वीडियो वायरल होने के बाद हथियारों के इस्तेमाल और सुरक्षा मानकों को लेकर उठे सवाल
छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में विजयादशमी पर शस्त्र पूजन के दौरान एके-47 राइफल से हवाई फायरिंग करने के मामले में पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा से स्पष्टीकरण मांगा गया है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर राजनांदगांव रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अजय यादव ने उनसे जवाब तलब किया है। इसकी पुष्टि आईजी ने की है।
पुलिस लाइन में हुई थी शस्त्र पूजा
विजयादशमी के अवसर पर 20 अक्टूबर को राजनांदगांव पुलिस लाइन स्थित रक्षित आरक्षित केंद्र में शस्त्र पूजन का आयोजन किया गया था। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने पारंपरिक साड़ी पहनकर एके-47 राइफल से कई राउंड हवाई फायरिंग की। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया।
हथियारों के इस्तेमाल और सुरक्षा पर सवाल
वीडियो सामने आने के बाद हथियारों के सुरक्षित इस्तेमाल, फायरिंग के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और पुलिस विभाग के अनुशासन को लेकर सवाल उठे। कुछ लोगों ने इसे पारंपरिक शस्त्र पूजन का हिस्सा बताया, जबकि अन्य ने सुरक्षा मानकों पर चिंता जताई। 
सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी आर.के. विज ने भी फायरिंग के लिए सुरक्षित स्थान और पर्याप्त सावधानियों की आवश्यकता पर जोर दिया।
स्पष्टीकरण के बाद आगे की कार्रवाई
आईजी अजय यादव के अनुसार, पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर एसपी से जवाब मांगा गया है। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, स्पष्टीकरण और आईजी की टिप्पणी के बाद मामला पुलिस मुख्यालय को भेजा जाएगा। आगे की कार्रवाई मुख्यालय के निर्देशों के आधार पर किए जाने की बात कही गई है। फिलहाल, एसपी अंकिता शर्मा के जवाब और विभागीय निर्णय का इंतजार है।
![]()

