शासकीय विद्यालयों में शिक्षण सुविधाओं को बेहतर बनाने और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से अदाणी फाउंडेशन ने कोरबा पॉवर लिमिटेड की सीएसआर पहल के तहत आसपास के 15 शासकीय विद्यालयों को शिक्षण एवं खेल सामग्री भेंट की। इनमें 9 प्राथमिक, 4 माध्यमिक और 2 हाई एवं हायर सेकेंडरी विद्यालय शामिल हैं।
इस पहल के तहत बेंगचुल, दर्रानहठा, पथाडी, खोदडेल, न्यू पहंदा, ओल्ड पहंदा, रिसदिहापारा, सरगबुंदिया और धंधानी गांवों के विद्यालयों को आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई। इसमें व्हाइट एवं ग्रीन ड्यूल बोर्ड, बोर्ड मार्कर, चॉक, कक्षा घड़ियां, प्रार्थना एवं विद्यालयी आयोजनों के लिए ब्लूटूथ स्पीकर और स्वच्छता बनाए रखने के लिए डस्टबिन शामिल हैं।
इसके अलावा प्राथमिक विद्यालयों में नए प्रवेश लेने वाले बच्चों को स्कूल किट वितरित की गई। प्रत्येक किट में स्कूल बैग, कम्पास और कॉपियों का एक सेट शामिल था। इस तरह कुल 172 विद्यार्थियों को स्कूल किट प्रदान की गई।
खेल गतिविधियों के लिए भी विशेष इंतजाम
विद्यार्थियों में खेल भावना विकसित करने और उनकी प्रतिभा को निखारने के लिए सभी 15 विद्यालयों को उनकी आवश्यकता के अनुसार खेल सामग्री दी गई। हाई एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों के लिए फुटबॉल, वॉलीबॉल, टेनिस क्रिकेट बैट-बॉल, बैडमिंटन रैकेट, शटल कॉक, कैरम बोर्ड और शतरंज के सेट उपलब्ध कराए गए। इनके साथ प्राथमिक उपचार के लिए फर्स्ट एड किट भी दी गई।
वहीं, प्राथमिक विद्यालयों के बच्चों के लिए उनकी उम्र के अनुरूप सॉफ्ट फुटबॉल, स्किपिंग रोप, बीन बैग, हुला हूप्स, सॉफ्ट कोन, छोटे कैरम बोर्ड, लूडो, रिंग टॉस और मिनी क्रिकेट सेट दिए गए। इसके अलावा बच्चों के मनोरंजन और सीखने की प्रक्रिया को रोचक बनाने के लिए स्नेक्स एंड लैडर्स, मैग्नेटिक शतरंज, मेमोरी कार्ड गेम, फ्लैश कार्ड और विभिन्न प्रकार की पजल भी उपलब्ध कराई
विद्यालय प्रबंधन ने जताया आभार
दीपावली के अवसर पर मिले इस सहयोग की विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने सराहना की। विद्यालय प्रशासन के अनुसार, इन सामग्रियों से कक्षाओं में पढ़ाई की व्यवस्था बेहतर होगी और बच्चों को पढ़ाई के साथ खेल एवं रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने के अधिक अवसर मिलेंगे।
स्कूल प्रबंधन ने शिक्षा के क्षेत्र में अदाणी फाउंडेशन की ओर से पहले किए गए सहयोगात्मक कार्यों का भी उल्लेख करते हुए फाउंडेशन और उसकी टीम के प्रति आभार जताया।
![]()

