दो साल की मेहनत और 250 से अधिक इंजीनियरों की टीम ने पूरा किया चुनौतीपूर्ण काम, दूसरी यूनिट शुरू होने पर कोरबा स्टेशन की क्षमता बढ़कर 1,920 मेगावाट होगी
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के पथाड़ी गांव में करीब एक दशक से अधूरा पड़ा बिजली परियोजना का विस्तार अब साकार होने लगा है। अदाणी पावर ने कोरबा पावर के 1,320 मेगावाट क्षमता वाले विस्तार प्रोजेक्ट की पहली 660 मेगावाट यूनिट सफलतापूर्वक शुरू कर दी है। लंबे समय से ठप पड़े इस प्रोजेक्ट को दोबारा शुरू करना तकनीकी और इंजीनियरिंग के लिहाज से बड़ी चुनौती थी। करीब दो साल की लगातार मेहनत, 250 से अधिक इंजीनियरों और हजारों कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास से यह उपलब्धि हासिल हुई है।
निर्माण के सबसे व्यस्त दौर में परियोजना स्थल पर करीब 10 हजार लोग काम कर रहे थे। अब दूसरी 660 मेगावाट यूनिट को भी आगामी महीनों में शुरू करने की तैयारी है। इसके बाद कोरबा स्टेशन की कुल स्थापित उत्पादन क्षमता बढ़कर 1,920 मेगावाट हो जाएगी।
2016 से बंद था निर्माण कार्य, 2024 में शुरू हुआ पुनरुद्धार
इस परियोजना के पुनरुद्धार की शुरुआत अगस्त 2024 में हुई, जब अदाणी पावर ने एनसीएलटी प्रक्रिया के माध्यम से लैंको अमरकंटक पावर लिमिटेड का 4,101 करोड़ रुपये में अधिग्रहण किया। उस समय कंपनी का 600 मेगावाट क्षमता वाला बिजली संयंत्र चालू था, जबकि 1,320 मेगावाट का विस्तार प्रोजेक्ट अधूरा पड़ा था।
विस्तार परियोजना का लगभग 70 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका था, लेकिन वर्ष 2016 से काम बंद था। लंबे समय तक निर्माण ठप रहने के कारण मशीनों, संयंत्र के विभिन्न हिस्सों और तकनीकी व्यवस्थाओं की स्थिति का नए सिरे से आकलन करना जरूरी था।
सबसे बड़ी मुश्किल यह थी कि परियोजना से संबंधित कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और इंजीनियरिंग ड्रॉइंग उपलब्ध नहीं थीं। मूल इंजीनियरिंग और निर्माण ठेकेदार भी अब परियोजना से जुड़ा नहीं था। ऐसे में पुराने ढांचे को समझना, उसकी तकनीकी जांच करना और सुरक्षित रूप से दोबारा चालू करने की योजना बनाना बड़ी चुनौती थी।
पुराने ढांचे और मशीनों की नए सिरे से जांच
अदाणी पावर की इंजीनियरिंग टीम ने बॉयलर, टर्बाइन-जनरेटर, विद्युत उपकरणों, कोयला आपूर्ति प्रणाली और जल प्रबंधन से जुड़े प्रमुख हिस्सों की विस्तृत जांच की। जहां पुराने तकनीकी रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं थे, वहां साइट पर मौजूद वास्तविक परिस्थितियों के आधार पर इंजीनियरिंग दस्तावेज और डिजाइन दोबारा तैयार किए गए।
इसके साथ ही संयंत्र से उत्पादित बिजली को ग्रिड तक पहुंचाने के लिए आवश्यक ट्रांसमिशन व्यवस्था भी तैयार की गई। मशीनों और विभिन्न प्रणालियों को चरणबद्ध तरीके से दुरुस्त कर चालू किया गया। इस तरह वर्षों से अधूरी पड़ी परियोजना अब बिजली उत्पादन के स्तर तक पहुंच गई है।
पहली 660 मेगावाट यूनिट के शुरू होने के बाद अब दूसरी यूनिट को चालू करने पर काम जारी है। इसके पूरा होने पर कोरबा स्थित इस स्टेशन की कुल स्थापित क्षमता 1,920 मेगावाट हो जाएगी।
करीब एक दशक से अधूरी पड़ी परियोजना में 660 मेगावाट की पहली यूनिट का संचालन कोरबा के बिजली उत्पादन क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। अब दूसरी यूनिट के शुरू होने के साथ इस परियोजना की पूरी 1,320 मेगावाट क्षमता बिजली उत्पादन से जुड़ सकेगी।
![]()





