एसईसीएल क्षेत्र की प्रमुख श्रमिक संस्था एवं भारतीय राष्ट्रीय ट्रेड यूनियन कांग्रेस (इंटक ) से संबद्ध साउथ ईस्टर्न कोयला मजदूर कांग्रेस के त्रिवार्षिक चुनाव में गोपाल नारायण सिंह अध्यक्ष तथा प्रीतम नाथ पाठक महामंत्री निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। गोपाल नारायण सिंह संगठन के अध्यक्ष के रूप में लगातार छठी बार चुनें गए हैं।
आज कोरबा में संपन्न हुए चुनाव की प्रक्रिया निर्वाचन अधिकारी गणपत चौहान की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। चुनाव कार्य में नवल पंडित एवं ए आर जीनस ने सहायक निर्वाचन अधिकारी के रूप में सहयोग किया। नामांकन की एवं अन्य औपचारिकताओं के बाद दोनों पदाधिकारियों को आगामी तीन वर्षों के लिए निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।
चुनाव प्रक्रिया के दौरान एसईसीएल के सभी 14 क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाले यूनियन के बड़ी संख्या में जनरल काउंसिल सदस्य एवं वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे। उनकी उपस्थिति ने संगठनात्मक प्रक्रिया के महत्व तथा नवनिर्वाचित नेतृत्व के प्रति व्यापक समर्थन को रेखांकित किया।
यह चुनाव ऐसे समय में हुआ है जब देश में श्रमिक आंदोलन अनेक चुनौतियों का सामना कर रहा है। केंद्र सरकार द्वारा नए श्रम संहिताओं (लेबर कोड) के लागू किए जाने के बाद ट्रेड यूनियनों की भूमिका और अधिकारों को लेकर व्यापक चर्चा चल रही है। इसके अलावा, कोल इंडिया लिमिटेड प्रबंधन द्वारा भी नए श्रम कानूनों के अनुरूप ट्रेड यूनियनों के प्रतिनिधित्व की नई व्यवस्था प्रस्तावित की जा रही है।
प्रस्तावित व्यवस्था के तहत विभिन्न ट्रेड यूनियनों को मिलने वाला प्रतिनिधित्व उनके सदस्यता प्रतिशत के आधार पर तय किया जाएगा। श्रमिक संगठनों का मानना है कि इस नई प्रणाली का श्रमिक राजनीति एवं यूनियनों की कार्यप्रणाली पर व्यापक प्रभाव पड़ सकता है।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष गोपाल नारायण सिंह एवं महामंत्री प्रीतम नाथ पाठक के समक्ष श्रमिक हितों की रक्षा, नई श्रम नीतियों से जुड़े मुद्दों पर संगठन को मजबूत करने तथा कोयला श्रमिकों की आवाज को प्रभावी ढंग से उठाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी रहेगी।
![]()

