छत्तीसगढ़ में बिजली दरों में की गई वृद्धि के विरोध में कांग्रेस ने राज्यव्यापी आंदोलन तेज कर दिया है। इसी कड़ी में गुरुवार को जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा विद्युत विभाग के कार्यालयों का घेराव किया गया। इसके बाद कोरबा प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए पूर्व राजस्व मंत्री एवं पूर्व विधायक जयसिंह अग्रवाल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा।
जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश की “ट्रिपल इंजन सरकार” अपने गठन के बाद से ही पूरी तरह विफल साबित हुई है। सरकार के पास न तो कोई स्पष्ट दिशा है और न ही विकास का कोई ठोस रोडमैप, जिसके कारण प्रदेश की प्रगति प्रभावित हो रही है।
उन्होंने कहा कि पहले से ही महंगाई की मार झेल रही जनता पर सरकार ने अब बिजली दरों में वृद्धि कर अतिरिक्त बोझ डाल दिया है। पेट्रोल, डीजल और आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों से आम लोग परेशान हैं, वहीं सरकार बिजली को भी महंगा कर जनता की जेब पर डाका डालने का काम कर रही है।
पंचनामा के एक प्रश्न के उत्तर में अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों का सड़क से लेकर सदन तक पुरजोर विरोध करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी जनता, कार्यकर्ताओं, नेताओं और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से इस लड़ाई को आगे बढ़ाएगी।
तीन प्रमुख मांगें रखीं
पूर्व मंत्री ने सरकार के समक्ष तीन प्रमुख मांगें रखीं—
- बिजली दरों में की गई वृद्धि को तत्काल वापस लिया जाए।
- गरीब एवं मध्यम वर्गीय उपभोक्ताओं के लिए विशेष राहत पैकेज लागू किया जाए।
- प्रदेश की बिजली वितरण व्यवस्था एवं बुनियादी ढांचे में व्यापक सुधार किया जाए।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने बिजली दर वृद्धि का फैसला वापस नहीं लिया तो कांग्रेस जनता के हित में उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी।
1 जुलाई से लागू होंगी नई दरें
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत विनियामक आयोग (सीएसईआरसी) ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए नई विद्युत दरें घोषित की हैं, जो 1 जुलाई 2026 से प्रभावी होंगी। आयोग ने औसतन 6.23 प्रतिशत की वृद्धि को मंजूरी दी है।
नई व्यवस्था के तहत घरेलू उपभोक्ताओं के लिए प्रति यूनिट 30 पैसे से 50 पैसे तक की वृद्धि की गई है। 0 से 200 यूनिट तक की खपत पर 30 पैसे, 201 से 600 यूनिट तक 40 पैसे तथा 600 यूनिट से अधिक खपत पर 50 पैसे प्रति यूनिट अतिरिक्त देना होगा।
इसके अलावा वाणिज्यिक उपभोक्ताओं के लिए 20 से 40 पैसे प्रति यूनिट, कृषि पंपों के लिए 40 पैसे प्रति यूनिट तथा उच्च दाब (एचटी) औद्योगिक उपभोक्ताओं के लिए मांग शुल्क में 25 रुपये प्रति केवीए की वृद्धि की गई है। ईवी चार्जिंग स्टेशनों के लिए भी नई दरें निर्धारित की गई हैं।
पत्रकार वार्ता में ये रहे उपस्थित
पत्रकार वार्ता में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संयुक्त महासचिव हरीश परसाई, पूर्व विधायक श्यामलाल कंवर, शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर, ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष मनोज चौहान, पूर्व सभापति श्यामसुंदर सोनी, महिला कांग्रेस नेत्री सपना चौहान, पूर्व विधायक केरकेट्टा, कांग्रेस नेता बी.एन. सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
![]()

