वी डी सतीशन ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री को पत्र लिखकर वर्ष 2025-26 के सीबीएसई कक्षा 12वीं के परिणामों और पुनर्मूल्यांकन प्रक्रिया को लेकर देशभर से सामने आ रही शिकायतों पर गंभीर चिंता जताई है।

केरल के नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में कहा कि बड़ी संख्या में छात्र और अभिभावक रिजल्ट में कथित गड़बड़ियों, अंकन प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी तथा री-इवैल्यूएशन में देरी को लेकर परेशान हैं। उन्होंने इस मामले में केंद्र सरकार से तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है।

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री से अनुरोध किया कि छात्रों की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित न हो।

उन्होंने कहा कि कई छात्रों ने अपेक्षा से काफी कम अंक आने, उत्तर पुस्तिकाओं की जांच में त्रुटियों और पुनर्मूल्यांकन प्रक्रिया की जटिलताओं को लेकर चिंता जताई है। इससे उच्च शिक्षा में प्रवेश की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों और उनके परिवारों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है।

पत्र में यह भी कहा गया कि बोर्ड परीक्षाओं की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए जरूरी है कि छात्रों को निष्पक्ष मूल्यांकन और शिकायत निवारण की प्रभावी व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए।

CBSE परिणामों को लेकर इस वर्ष देश के कई हिस्सों से सोशल मीडिया और छात्र संगठनों के माध्यम से भी शिकायतें सामने आई हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री का यह पत्र शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही और पारदर्शिता की मांग को और तेज कर सकता है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!