Screenshot

साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) के गेवरा क्षेत्र के पूर्व महाप्रबंधक अरुण कुमार त्यागी की एक दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। यह हादसा कोरबा जिले के चोटिया के पास नेशनल हाईवे-130 पर हुआ, जिसने पूरे एसईसीएल परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर पैदा कर दी है।

नई जिम्मेदारी संभालने जा रहे थे सिंगरौली

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अरुण कुमार त्यागी को हाल ही में डायरेक्टर टेक्निकल (DT) के महत्वपूर्ण पद पर पदोन्नत किया गया था। वह अपनी नई जिम्मेदारी संभालने के लिए कार से सिंगरौली जा रहे थे। इसी दौरान बांगो थाना क्षेत्र अंतर्गत चोटिया के पास उनकी तेज रफ्तार कार अनियंत्रित हो गई और आगे चल रहे एक पार्सल वाहन से जा टकराई।

टक्कर इतनी भीषण कि कार के उड़े परखच्चे

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा बेहद भयावह था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए घायल अरुण कुमार त्यागी को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही छत्तीसगढ़ पुलिस की बांगो थाना टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है।

एसईसीएल परिवार में शोक

अरुण कुमार त्यागी के आकस्मिक निधन की खबर मिलते ही एसईसीएल अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिचितों में गहरा दुख व्याप्त है। उन्हें एक अनुभवी, कर्मठ और कुशल अधिकारी के रूप में जाना जाता था। संस्थान के लिए उनका इस तरह असमय चले जाना बड़ी क्षति माना जा रहा है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!