पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की भूमिका को और अधिक सशक्त बनाएं : उप मुख्यमंत्री अरुण साव

कोरबा प्रेस क्लब की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह गुरुवार को पं. जवाहरलाल नेहरू सभागार, रामपुर में गरिमामय वातावरण में आयोजित हुआ। समारोह में छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं कोरबा जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने नई कार्यकारिणी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई तथा प्रेस क्लब भवन के विस्तार के लिए 20 लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रेस क्लब अध्यक्ष नौशाद खान के स्वागत उद्बोधन से हुई। उन्होंने मंचासीन अतिथियों, पत्रकारों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों का स्वागत करते हुए प्रेस क्लब के विकास की यात्रा का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि जयसिंह अग्रवाल के कार्यकाल में प्रेस क्लब को पहला भवन मिला, जबकि बाद में सदस्य संख्या बढ़ने पर तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, मंत्री राजेश मूणत एवं तत्कालीन महापौर लखन लाल देवांगन के सहयोग से तिलक भवन की नींव रखी गई। उन्होंने केशव लाल मेहता स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट की सहायता राशि दो लाख से बढ़ाकर तीन लाख रुपये करने पर महापौर संजू देवी राजपूत का आभार व्यक्त किया।

मुख्य अतिथि अरुण साव ने कहा कि कोरबा प्रेस क्लब की पहचान पूरे प्रदेश में है। पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और इसकी गरिमा बनाए रखना प्रत्येक पत्रकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पत्रकार निष्पक्ष, जिम्मेदार एवं तथ्यपरक पत्रकारिता के माध्यम से लोकतांत्रिक मूल्यों को और मजबूत करें। एआई और नई तकनीकों के दौर में पत्रकारिता का स्वरूप तेजी से बदल रहा है, ऐसे समय में अनुभवी और युवा पत्रकारों के समन्वय से पत्रकारिता को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने प्रेस क्लब की सक्रिय गतिविधियों की सराहना करते हुए भवन विस्तार के लिए 20 लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की और शीघ्र प्राक्कलन प्रस्तुत करने का आग्रह किया।

उद्योग, वाणिज्य एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि पत्रकार सदैव निर्भीक होकर अपने दायित्वों का निर्वहन करते रहे हैं। शासन की योजनाओं और जनसरोकारों को आमजन तक पहुंचाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता निष्पक्षता, जिम्मेदारी और सामाजिक सरोकारों के साथ की जानी चाहिए।

पूर्व कैबिनेट मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को बधाई देते हुए कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारों की जिम्मेदारी पहले से अधिक बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश के मौजूदा हालात में पत्रकारों को निष्पक्षता और ईमानदारी के साथ अपनी भूमिका निभानी चाहिए।

महापौर संजू देवी राजपूत ने अपने 16 माह के कार्यकाल की उपलब्धियां साझा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और मंत्री लखन लाल देवांगन के नेतृत्व में नगर निगम क्षेत्र में सड़क, नाली, पेयजल, बिजली, सौंदर्यीकरण और छोटे व्यापारियों के पुनर्वास जैसे कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। उन्होंने प्रेस क्लब की नई टीम को शुभकामनाएं देते हुए पत्रकारों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

समारोह में कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, रामपुर विधायक फूलसिंह राठिया, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह कंवर, नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर, रायपुर प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी, बिलासपुर प्रेस क्लब अध्यक्ष अजीत मिश्रा सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में पत्रकार एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

इस अवसर पर प्रेस क्लब के संरक्षक कमलेश यादव, अध्यक्ष नौशाद खान, उपाध्यक्ष राजकुमार शाह, सचिव दिनेश राज, उप सचिव हरीश तिवारी, कोषाध्यक्ष दुर्गेश श्रीवास्तव तथा कार्यकारिणी सदस्य राजेश कुमार मिश्रा (मिट्ठू), नवाब हुसैन एवं आकाश शर्मा पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। वरिष्ठ पत्रकार राजश्री गुप्ते ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का परिचय कराया। कार्यक्रम का संचालन सादिक शेख ने किया तथा अंत में सचिव दिनेश राज ने आभार प्रदर्शन किया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!