Screenshot

नासिक ग्रामीण और शहर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नासिक-त्र्यंबकेश्वर मार्ग स्थित तालेगांव में एक बंगले से संचालित नकली नोट छापने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए नकली नोटों के साथ प्रिंटिंग सामग्री और उपकरण जब्त किए तथा पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

नासिक ग्रामीण पुलिस अधीक्षक डॉ. डी. एस. स्वामी के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमरेश्वर आईथा और दासरी सत्यई, दोनों तेलंगाना निवासी, गोकुळ दाते और हिरामण दाते, दोनों तालेगांव निवासी तथा मच्छिंद्र घनदाट, सातपुर निवासी के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी बेहद शातिर तरीके से नकली नोट तैयार कर रहे थे। वे असली भारतीय मुद्रा के नोटों को एक विशेष रसायन में डुबोकर उनकी स्याही को कागज पर स्थानांतरित करते थे। इसके बाद इस प्रक्रिया से तैयार कागज का इस्तेमाल नकली नोट बनाने में किया जाता था।

पुलिस ने उस समय छापा मारा जब आरोपी 10 लाख रुपये के असली नोटों के बदले 30 लाख रुपये के नकली नोट देने का सौदा कर रहे थे। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कई लाख रुपये मूल्य के नकली नोट, नोट छापने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री, रसायन और अन्य उपकरण बरामद किए।

पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पूछताछ में गिरोह से जुड़े अन्य लोगों, नकली नोटों की आपूर्ति के नेटवर्क और अब तक बाजार में खपाई गई नकली मुद्रा के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आने की उम्मीद है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!