नगर पालिक निगम कोरबा में 11 फरवरी को होने वाले नगरीय निकाय चुनाव के लिए तैयारियां जोरों पर हैं। इस चुनाव में महापौर और पार्षद पद के लिए अलग-अलग मतदान होगा। मतदाताओं को अपने पसंदीदा प्रत्याशी को चुनने के लिए दो बार बटन दबाना होगा, क्योंकि मतदान केंद्रों पर दो बैलेट यूनिट (ईवीएम मशीनें) लगाई जाएंगी।
मतदान प्रक्रिया की जानकारी दी गई
जिला निर्वाचन कार्यालय ने राजनीतिक दलों, मीडिया प्रतिनिधियों और सेक्टर अधिकारियों को मतदान प्रक्रिया की जानकारी दी। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अजीत वसंत के निर्देशन में रिटर्निंग अधिकारी मनोज कुमार बंजारे की उपस्थिति में मास्टर्स ट्रेनर्स डॉ. एम. एम. जोशी, श्रीमती उपासना ओझा और श्रीमती लक्ष्मी राव ने प्रशिक्षण दिया। उन्होंने ईवीएम के एम-2 मॉडल के इस्तेमाल और मतदान प्रक्रिया को विस्तार से समझाया।
सफेद और गुलाबी रंग में होगा मतपत्र
प्रशिक्षण में बताया गया कि मतदान के दौरान मतदाताओं को दो बैलेट यूनिट मिलेंगी। पहली बैलेट यूनिट महापौर पद के लिए होगी, जिसमें प्रत्याशियों के नाम, फोटो और चुनाव चिन्ह सफेद रंग के कागज में अंकित होंगे। दूसरी बैलेट यूनिट पार्षद पद के लिए होगी, जिसमें गुलाबी रंग में प्रत्याशियों की जानकारी होगी। दोनों को वोट देने के लिए अलग-अलग बटन दबाने होंगे।
पहचान पत्र अनिवार्य, मोबाइल प्रतिबंधित
मतदान केंद्रों पर मतदाताओं को अपना पहचान पत्र लाना अनिवार्य होगा। मतदान प्रक्रिया के दौरान नाम एंट्री, तर्जनी उंगली पर स्याही लगाने और पर्ची देने के बाद मतदाता ईवीएम का उपयोग कर सकेंगे। मतदान के दौरान पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए विशेष निगरानी रखी जाएगी।
मतदान केंद्र में मोबाइल फोन ले जाना प्रतिबंधित रहेगा, और किसी भी मतदाता द्वारा मतदान प्रक्रिया की फोटो या वीडियो लेने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
292 मतदान केंद्रों में दो बैलेट यूनिट होंगी
नगर निगम कोरबा के 67 वार्डों में महापौर पद के लिए और 66 वार्डों में पार्षद पद के लिए मतदान होगा, क्योंकि वार्ड क्रमांक 18 में पार्षद निर्विरोध चुने जा चुके हैं। कुल 297 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से 292 मतदान केंद्रों में दो बैलेट यूनिट लगाई जाएंगी।
रिटर्निंग अधिकारी मनोज कुमार बंजारे ने बताया कि किसी मतदान केंद्र में यदि मशीन में खराबी आती है, तो तत्काल उसे बदला जाएगा। इसके लिए अतिरिक्त मशीनें भी रिजर्व रखी गई हैं। मतदाताओं को जागरूक करने के लिए वार्ड स्तर पर अभियान भी चलाया जा रहा है।
मतदाता की गलती पर अधिकारी करेंगे सुधार
प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि यदि कोई मतदाता एक बैलेट यूनिट में वोट डालता है लेकिन दूसरी में नहीं, तो मौके पर मौजूद मतदान अधिकारी उसे दूसरा वोट डालने के लिए कहेंगे। यदि मतदाता फिर भी वोट नहीं डालता, तो कंट्रोल यूनिट को रीसेट कर दिया जाएगा, जिससे अगले मतदाता के लिए मतदान प्रक्रिया शुरू हो सके।
नगर निगम कोरबा में निष्पक्ष और पारदर्शी मतदान सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है।
![]()

