9 फ़रवरी को मौन जुलूस निकालने की घोषणा
सुन्नी मुस्लिम जमात के अध्यक्ष अख़लाक़ ख़ान ने आज तिलक भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मतदाता सूची से मुस्लिम समाज के लोगों के नाम विलोपित करने की साज़िश की जा रही है। उन्होंने बताया कि क़रीब 1500 लोगों के नाम हटाने के लिए आवेदन प्रस्तुत किए गए हैं, जिनमें अधिकांश मुस्लिम समुदाय से संबंधित हैं, जिससे समाज में भारी नाराज़गी व्याप्त है।
अख़लाक़ ख़ान ने कहा कि कई स्थानों पर सुनियोजित तरीके से फर्जी आपत्तियां दर्ज कर फॉर्म क्रमांक-7 का दुरुपयोग किया गया है। यह प्रक्रिया लोकतांत्रिक व्यवस्था की जड़ों पर सीधा प्रहार है। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि बालकों क्षेत्र का निवासी एक व्यक्ति द्वारा रविशंकर नगर में रहने वाले मुस्लिम समाज के एक मतदाता, जिसका नाम एसआईआर की ड्राफ्ट सूची में विधिवत दर्ज है, का नाम विलोपित करने के लिए आवेदन दिया गया है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि निर्वाचन आयोग द्वारा फर्जी आपत्तियां लगाने वालों के विरुद्ध सख़्त कार्रवाई नहीं की जाती, तो पूरी एसआईआर प्रक्रिया को निष्पक्ष नहीं माना जा सकता।
इस मुद्दे को लेकर सुन्नी मुस्लिम जमात, कोरबा के बैनर तले दिनांक 9 फ़रवरी को दोपहर 2 बजे पूरे कोरबा ज़िले के मुस्लिम समाज द्वारा घंटाघर से कलेक्टर कार्यालय तक मौन जुलूस निकाला जाएगा। ख़ान ने मांग की कि जिन लोगों पर फॉर्म-7 के कथित दुरुपयोग के आरोप हैं, उनके विरुद्ध एफआईआर दर्ज की जाए।
पत्रकार वार्ता में अख़लाक़ ख़ान ने यह भी कहा कि ज़िले में सुन्नी मुस्लिम जमात के नाम से हुए दो अलग-अलग पंजीकरण को लेकर चल रहा विवाद माननीय उच्च न्यायालय के फ़ैसले के बाद पूरी तरह समाप्त हो चुका है।
प्रेस कांफ्रेंस में मुख्य रूप से कोरबा शहर के क़ाज़ी सैयद शब्बीर अहमद अशरफ़ी सुन्नी मुस्लिम जमात के कार्यवाहक अध्यक्ष हकीम ख़ान जनरल सेक्रेटरी जुम्मन ख़ाँ रिज़वी सेक्रेटरी सैयद अशफाक अली अध्यक्ष मेहमान जमात कोरबा हाजी अमीन सिखानी, सरवर हुसैन ख़ान, एहसान ख़ान, रिज़वान ख़ान,फरियाद अली, बरकत ख़ान शाकिर अंसारी, अशरफ़ अली हलीम शेख़, कुलमुंडा से अब्दुल रऊफ़, अब्दुल कलाम अंसारी, चुनचुनी से बशीर ख़ान, नूनबिर्रा से चाँद ख़ाँ, इस्माइल ख़ान जिलगा बरपाली से जावेद ख़ान, समसूद अली, सलमान ख़ान,रूमगड़ा से इज़रायल आलम सहित आदि लोग उपस्थित रहे।
![]()

