उद्योगपति अनिल अंबानी और उनकी कंपनी रिलायंस कम्युनिकेशंस (RCOM) एक बार फिर सुर्खियों में हैं। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की शिकायत पर कंपनी और अनिल अंबानी के खिलाफ बैंक धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
सूत्रों के अनुसार, CBI ने शुक्रवार को मुंबई में अनिल अंबानी के आवास सहित कई ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया। मामला करीब ₹40,186 करोड़ के कथित बैंक धोखाधड़ी से जुड़ा है, जिसमें RCOM की भारतीय बैंकों के प्रति देनदारी लगभग ₹19,695 करोड़ बताई जा रही है।
SBI की शिकायत के मुताबिक, सिर्फ इस बैंक से RCOM ने लगभग ₹2,925 करोड़ का कर्ज लिया था। यह खाता 2016 में NPA घोषित हुआ था। बाद में 2020 में धोखाधड़ी का पता चला, लेकिन 2023 में इसे उलट दिया गया। इसके बाद 2025 में दोबारा ‘फ्रॉड’ घोषित कर 18 अगस्त 2025 को CBI से शिकायत दर्ज कराई गई।
गौरतलब है कि 5 जनवरी 2021 को जब SBI ने RCOM के खाते को धोखाधड़ी वाला बताया था, तब अनिल अंबानी ने पत्रकार अरविंद गुणशेखर को ₹5,000 करोड़ का मानहानि नोटिस भेजा था। चार साल बाद, अब उन्हीं आरोपों पर CBI ने औपचारिक रूप से केस दर्ज कर लिया है, जिसमें अनिल अंबानी को आरोपी संख्या 2 के तौर पर नामित किया गया है।
अब यह देखना बाकी है कि CBI और प्रवर्तन निदेशालय (ED) इस बड़े वित्तीय घोटाले की जांच को कैसे अंजाम तक पहुँचाते हैं और अदालत में अपने आरोपों को कितना साबित कर पाते हैं।