अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सृष्टि महिला समिति कोरबा द्वारा DAV स्कूल कोरबा एवं बीकन स्कूल कोरबा की 46 शिक्षिकाओं एवं समिति की 3 सदस्य शिक्षिकाओं को सम्मानित किया गया। यह कार्यक्रम SRC कोरबा में आयोजित किया गया, जिसमें शिक्षा क्षेत्र से जुड़ी महिलाओं के योगदान को सराहा गया।

श्रद्धा महिला मंडल द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों से प्रेरित होकर सृष्टि महिला समिति ने इस सम्मान समारोह का आयोजन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ अध्यक्षा श्रीमती श्वेता पंड्या द्वारा दीप प्रज्वलन एवं स्वागत भाषण से हुआ। अपने संबोधन में उन्होंने महिलाओं के सशक्तिकरण की आवश्यकता पर बल देते हुए आत्म-निर्भरता एवं आत्म-बोध की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं प्रेरणादायक उद्बोधन

कार्यक्रम की शुरुआत सृष्टि महिला समिति की सदस्याओं द्वारा स्वागत नृत्य से हुई। इसके पश्चात DAV स्कूल की शिक्षिकाओं ने नारी सशक्तिकरण पर वार्ता, गीत एवं कविता पाठ प्रस्तुत किया। बीकन स्कूल की शिक्षिकाओं ने समूह गीत एवं एकल गायन से कार्यक्रम में रंग भरे। राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिक्षिका श्रीमती कल्पना मिश्रा ने अपने प्रेरक उद्बोधन से सभी को प्रोत्साहित किया।

5 मार्च को आयोजित “मेरे शब्दों में नारी” कविता प्रतियोगिता के विजेताओं ने भी अपनी कविताओं के माध्यम से नारी के विभिन्न आयामों को प्रस्तुत किया। इसके बाद सृष्टि महिला समिति की सदस्याओं ने नारी शक्ति के बढ़ते कदमों को सांकेतिक नृत्य के माध्यम से प्रदर्शित किया।

शिक्षिकाओं का सम्मान

सांस्कृतिक कार्यक्रमों के पश्चात सभी शिक्षिकाओं को शाल, डायरी एवं नाम लिखे पेन प्रदान कर सम्मानित किया गया। सृष्टि महिला समिति की तीन सदस्य शिक्षिकाओं को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर DAV एवं बीकन स्कूल की शिक्षिकाओं ने अध्यक्षा श्रीमती श्वेता पंड्या को सम्मानित किया। इसके बाद सृष्टि महिला समिति द्वारा श्रीमती श्वेता पंड्या, जो वर्तमान में गवर्नमेंट कॉलेज सीपत में प्राध्यापक हैं, का विशेष सम्मान किया गया।

समापन एवं आभार प्रदर्शन

कार्यक्रम के अंत में सृष्टि महिला समिति की सचिव श्रीमती अनीता गुप्ता ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया, जबकि संचालन की जिम्मेदारी मीनू सिंह ने निभाई। इसके पश्चात सभी शिक्षिकाओं ने समिति की सदस्याओं के साथ सामूहिक दोपहर भोजन कर इस यादगार दिन को संजोया।

इस गरिमामय आयोजन में सृष्टि महिला समिति की सभी सदस्याएं उपस्थित रहीं और यह आयोजन महिला सशक्तिकरण के संदेश के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!