कोरबा नगर निगम में भाजपा को करारा झटका लगा है। पार्टी से बगावत कर निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ रहें नूतन सिंह ठाकुर ने 35 मतों से जीत दर्ज कर सभापति पद पर कब्जा जमाया। भाजपा प्रत्याशी हितानंद अग्रवाल को मात्र 18 वोट मिले, जबकि निर्दलीय पार्षद अब्दुल रहमान को 16 मत प्राप्त हुए।
गौरतलब है कि हाल ही में हुए नगर निगम चुनाव में मेयर पद पर भाजपा प्रत्याशी संजु देवी राजपूत ने जीत दर्ज की थी, जिससे पार्टी को नगर निगम में अपनी पकड़ मजबूत होने की उम्मीद थी। लेकिन सभापति पद के चुनाव में भाजपा अपने पार्षदों को एकजुट नहीं रख पाई, जिसका फायदा नूतन सिंह ठाकुर को मिला।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि भाजपा के अंदरूनी मतभेद और बगावत की स्थिति के चलते यह नतीजा सामने आया है। सभापति पद पर नूतन सिंह ठाकुर की जीत ने नगर निगम में सत्ता संतुलन को प्रभावित कर दिया है, जिससे आने वाले दिनों में निगम की राजनीति और दिलचस्प होने की संभावना है।