कोरबा नगर पालिक निगम और जिले के अन्य चार नगरीय निकायों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को मिली ऐतिहासिक जीत के बाद शनिवार को प्रेस क्लब तिलक भवन में मीडिया से चर्चा करते हुए छत्तीसगढ़ सरकार के उद्योग मंत्री श्री लखन लाल देवांगन ने इसे जनता की जीत करार दिया। उन्होंने कहा कि यह प्रचंड जनादेश मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय और संगठन के शीर्ष नेतृत्व में हुए विकास कार्यों की देन है।
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि बीते 10 वर्षों में कांग्रेस ने केवल जनता को छलावा दिया, लेकिन अब जनता ने भाजपा के एक वर्ष के विकास कार्यों पर भरोसा जताते हुए अटल विश्वास की मुहर लगा दी है।
400 करोड़ के विकास कार्यों की स्वीकृति
मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि भाजपा सरकार के एक साल के कार्यकाल में कोरबा नगर निगम क्षेत्र में रुके हुए कार्यों को गति मिली है। अब तक 400 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की स्वीकृति दी जा चुकी है और सभी कार्यों की आधारशिला भी रखी गई है।
उन्होंने कहा, “मोदी की गारंटी और विष्णु सरकार के सुशासन में हर वर्ग में खुशहाली आई है। अब जब जनता ने हमें अपना समर्थन दिया है, तो कोरबा नगर निगम को शासन से अधिक फंड मिलेगा, जिससे विकास कार्यों को और गति दी जाएगी।”
कोरबा में नए उद्योगों की स्थापना होगी
कोरबा में औद्योगिक विकास को लेकर मंत्री देवांगन ने कहा कि नई औद्योगिक नीति की देशभर में चर्चा हो रही है, और सरकार का प्रयास है कि कोरबा समेत पूरे प्रदेश में नए उद्योग स्थापित हों। उन्होंने कहा कि कोरबा में एल्युमिनियम पार्क की स्थापना के लिए तेजी से कार्य किया जा रहा है और इसके लिए भूमि आवंटन की प्रक्रिया जारी है।
महापौर संजू देवी राजपूत का संकल्प— सभी 67 वार्डों का होगा विकास
नवनिर्वाचित महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने कहा कि नगर निगम को जनसेवा का मंदिर मानकर कार्य किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शहर के सभी 67 वार्डों में समान रूप से विकास कार्य किए जाएंगे।
भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज शर्मा ने जताया आभार
भाजपा के जिला अध्यक्ष मनोज शर्मा ने मीडिया के माध्यम से कोरबा समेत सभी पांच नगरीय निकायों में भाजपा की जीत के लिए जनता और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर नवनिर्वाचित अध्यक्षों में राजेंद्र राजपूत (नगर पालिका दीपका), सोनी झा (नगर पालिका बांकीमोंगरा), पदमिनी देवांगन (नगर पंचायत छुरीकला), अजय जायसवाल (नगर पंचायत पाली), भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रफुल्ल तिवारी और वार्ड क्रमांक 18 के पार्षद नरेंद्र देवांगन समेत अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।