रांची: झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और अन्य INDIA गठबंधन के नेताओं ने मंगलवार को संयुक्त घोषणापत्र ‘न्याय पत्र’ जारी किया। इस घोषणापत्र में झारखंड के नागरिकों के लिए सात प्रमुख गारंटी देने का वादा किया गया है, जिनमें 10 लाख रोजगार, गरीबों के लिए 15 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा और महिलाओं के लिए सम्मान योजना के तहत 2500 रुपये प्रति माह की राशि शामिल है।
घोषणापत्र में किए गए प्रमुख वादे:
1.भोजन सुरक्षा गारंटी:
•रसोई गैस सिलेंडर 450 रुपये में मिलेगा।
•हर व्यक्ति को हर महीने 7 किलो राशन दिया जाएगा।
2.1932 आधारित खतियान गारंटी:
•स्थानीय नीति 1932 आधारित खतियान के आधार पर लागू की जाएगी।
•सरना धर्म कोड लागू किया जाएगा।
3.मैया सम्मान योजना:
•महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये का मानदेय मिलेगा।
4.सामाजिक न्याय गारंटी:
•आदिवासियों के लिए 28% आरक्षण, अनुसूचित जाति के लिए 12% और ओबीसी के लिए 27% आरक्षण।
5.रोजगार और स्वास्थ्य सुरक्षा गारंटी:
•युवाओं के लिए 10 लाख रोजगार।
•गरीबों के लिए 15 लाख रुपये तक स्वास्थ्य बीमा।
6.शिक्षा गारंटी:
•सभी ब्लॉकों में डिग्री कॉलेज बनाए जाएंगे।
•जिला मुख्यालयों में इंजीनियरिंग, मेडिकल कॉलेज और विश्वविद्यालय बनाए जाएंगे।
7.किसान कल्याण गारंटी:
•धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) 3200 रुपये प्रति क्विंटल होगा।
•अन्य कृषि उत्पादों के MSP में 50% की वृद्धि की जाएगी।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि INDIA गठबंधन ने हमेशा अपने वादों को निभाया है और भविष्य में भी उन्हें पूरा किया जाएगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि मोदी ने कभी भी अपने वादे पूरे नहीं किए।
झारखंड विधानसभा चुनाव 13 और 20 नवंबर को दो चरणों में होंगे और मतगणना 23 नवंबर को होगी। 2019 के विधानसभा चुनाव में हेमंत सोरेन की झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने 30 सीटें जीती थीं, जबकि बीजेपी को 25 और कांग्रेस को 16 सीटें मिली थीं।