मुंबई। एनसीपी (राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी) के प्रमुख नेता बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह दुखद घटना मुंबई के एक भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई, जहाँ सिद्दीकी पर अज्ञात हमलावरों ने तीन गोलियां दागीं। घटना के तुरंत बाद उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों की कोशिशों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

पुलिस ने इस हत्या के संबंध में दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया है।गिरफ्तार किए गए दो आरोपियों के नाम गुरमैल सिंह और धर्मराज कश्यप हैं। गुरमैल सिंह हरियाणा से और धर्मराज कश्यप उत्तर प्रदेश से हैं। आरोपियों ने बाबा सिद्दीकी के घर और कार्यालय की रेकी की थी। वे पिछले डेढ़ से दो महीने से मुंबई में रह रहे थे और उन पर नजर रखे हुए थे। तीसरे आरोपी की तलाश जारी है, और मुंबई क्राइम ब्रांच की कई टीमें इस मामले की जांच कर रही हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, बाबा सिद्दीकी पर जिस तरीके से हमला किया गया, उससे लगता है कि यह एक सोची-समझी साजिश थी। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और अन्य संभावित अपराधियों की तलाश जारी है।

सिद्दीकी की हत्या से उनके समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं में गहरा शोक व्याप्त है। एनसीपी के नेताओं ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

मुंबई पुलिस ने शहर में सुरक्षा बढ़ा दी है और जांच तेज कर दी है ताकि जल्द से जल्द मामले को सुलझाया जा सके।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!