छत्तीसगढ़ में कांग्रेस द्वारा आयोजित न्याय यात्रा अब अपने तीसरे दिन में प्रवेश कर चुकी है। पूर्व मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने आज इस यात्रा में शामिल होकर यात्रियों का उत्साह बढ़ाया। यह यात्रा छत्तीसगढ़ के गिरौदपुरी से शुरू होकर रायपुर तक जाएगी और इसका समापन 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर एक विशाल जनसभा के साथ होगा। यात्रा का मुख्य उद्देश्य भाजपा सरकार के कुशासन और राज्य में बिगड़ती कानून व्यवस्था के खिलाफ आवाज उठाना है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में निकाली जा रही यह यात्रा राज्य के लोगों की न्याय और सुरक्षा की मांगों को लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ विरोध का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा का हर कदम भाजपा के निकम्मे शासन के खिलाफ एक सख्त संदेश होगा।
इस यात्रा के माध्यम से कांग्रेस राज्य में बढ़ते अपराधों, महिलाओं के खिलाफ हिंसा, और अन्याय के खिलाफ जनता को जागरूक कर रही है।
गिरौदपुरी को यात्रा का प्रारंभिक स्थान इसलिए चुना गया क्योंकि यह बाबा गुरु घासीदास की जन्मस्थली है, जिन्होंने समता, समानता और भाईचारे के संदेश दिए थे।
यात्रा के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा के शासनकाल में अपराधों में तेजी से वृद्धि हुई है और यह यात्रा जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए की जा रही है।
छत्तीसगढ़ कांग्रेस के इस आंदोलन को जनता का भी व्यापक समर्थन मिल रहा है, और इसे भाजपा सरकार के खिलाफ एक निर्णायक ललकार माना जा रहा है।